फुलवारीशरीफ।

भाजपा पटना जिला ग्रामीण की ओर से 12 अगस्त को अनिसाबाद गोलंबर से फुलवारीशरीफ के शहीद भगत सिंह गोलंबर तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर दो बजे से प्रस्तावित इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

यात्रा को सफल बनाने को लेकर सोमवार को बिरला कॉलोनी स्थित पटना मैरिज हॉल में तैयारी बैठक हुई। प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर ने कार्यकर्ताओं से यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति से जुड़ा आयोजन है। 12 अगस्त की यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी बूथों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी जरूरी है।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री बृजेश कुमार सिंह ने किया। बैठक में क्षेत्रीय सह प्रभारी आशुतोष कुमार, रवीन्द्र रंजन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कन्हैया मालाकार, निलेश रंजन, महामंत्री पवन तिवारी, मन की बात कार्यक्रम संयोजक नीरज कुमार, मंडल अध्यक्ष हरेंद्र सिंह और युवा मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक रजनीश तिवारी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संगठन ने तय किया कि 11 अगस्त तक सभी मंडलों में बूथ स्तर पर बैठक कर कार्यकर्ताओं को यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला ग्रामीण भाजपा ने कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।

ब्यूरो रिपोर्ट