
दानापुर। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार हत्याकांड के बाद दानापुर का गोला रोड स्थित उनका आवास मंगलवार को एक बार फिर सुर्खियों में रहा। सांसद पप्पू यादव शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे और पत्नी बबीता देवी व अन्य परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि इस मामले में न्याय दिलाने की लड़ाई को वे अंत तक लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए।

विमल कुमार की 1 अगस्त की रात औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी। घटना ने पूरे राज्य के प्रशासनिक महकमे को झकझोर दिया। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर दानापुर स्थित आवास पहुंचते ही राज्यभर के नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए थे। बिहार नगर सेवा संघ के नेतृत्व में अधिकारियों ने धरना देकर सरकार का ध्यान सुरक्षा व्यवस्था की ओर आकर्षित किया और अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया। अधिकारियों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी तथा सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी।
पप्पू यादव ने कहा कि जब एक सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिक की सुरक्षा पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग करते हुए कहा कि इस हत्याकांड में जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय और दोषियों को कठोर सजा दिलाना ही आज सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
ब्यूरो रिपोर्ट
