
पटना। बिहार के लाखों ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से अधूरी पड़ी ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी अब स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी लंबित योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना होगा।
लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और ग्रामीण कार्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्माणाधीन और लंबित योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में प्रशासनिक या तकनीकी बाधाएं हैं, उन्हें तत्काल दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क केवल आवागमन ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के लिए भी बेहद जरूरी है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे और बिहार के ग्रामीण इलाकों का आधारभूत ढांचा तेजी से मजबूत हो।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
