
पटना: मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर शनिवार को श्री अरविंद महिला कॉलेज में छात्राओं ने अनूठी पहल की। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और क्विज़ के माध्यम से छात्राओं ने स्तनपान के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ पटना मिड टाउन एवं कॉलेज के होम साइंस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें करीब 150 से 175 छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर टिकी है और इस दिशा में जागरूकता अभियान बेहद आवश्यक हैं। मुख्य वक्ता डॉ. निमिषा अग्रवाल ने “ब्रेस्टफीडिंग: आज का पोषण, कल की सुरक्षा” विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शिशु के लिए सबसे उत्तम पोषण है। उन्होंने स्तनपान से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, भ्रांतियों और इसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित इंटरैक्टिव क्विज़ और पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। समापन पर छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्तनपान से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर रोटेरियन प्रो. विमी सिंह, डॉ. रंजना कुमार, रुंगटा सर एवं मैम, विद्या जी, रणवीर, रोटेरियन रवि खन्ना, पिंकी जी, आभा जी सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे। रोटरी क्लब ने भविष्य में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट अमित कुमार
