
पटना: मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहे एक छात्र पर चाकू से हुए जानलेवा हमले ने न सिर्फ इलाके में सनसनी फैला दी, बल्कि कोचिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पटना आने वाले हजारों छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के सोरंगपुर स्थित एडीएम कॉलोनी में हुई इस घटना में मधुबनी निवासी छात्र अभिनव कुमार पर एक नाबालिग ने छह बार चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पटना के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में छात्र किराये के मकानों और लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में मामूली व्यक्तिगत विवाद का हिंसक रूप लेना अभिभावकों के लिए भी चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रावासों और किराये के मकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी बहन से छात्र की बातचीत से नाराज था। इसी रंजिश में उसने चाकू से हमला किया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को निरुद्ध कर लिया है और घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। फिलहाल घायल छात्र का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमला पूर्व नियोजित था या अचानक हुए विवाद का परिणाम।
यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि युवाओं में बढ़ती आक्रामक मानसिकता, छोटी-छोटी बातों पर हिंसा और प्रतियोगी छात्रों की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर भी बहस छेड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से छात्र बहुल इलाकों में नियमित पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
