बिहटा। नेउरा थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया। थाना से कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए पटना एम्स भेजा, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के आशियाना नगर निवासी 50 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह निजी कार्य से बिहटा की ओर जा रहे थे, तभी अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष जगदीप राणा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्वजन के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

ब्यूरो रिपोर्ट