
पटना: पटना एम्स के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एम्स का निरीक्षण कर स्पष्ट किया कि संस्थान के विस्तार के लिए जल्द 24 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे करीब 200 नए बेड जोड़े जा सकेंगे और मरीजों पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स, पटना से नाथूपुर तक प्रस्तावित चार लेन सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराया जाएगा, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने बर्न मरीजों के उपचार को और प्रभावी बनाने के लिए स्किन स्टोरेज (त्वचा भंडारण) की व्यवस्था विकसित करने में भी राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने बर्न वार्ड पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में पीईटी-सीटी, स्पेक्ट-सीटी और रेडियो फार्मेसी लैब का निरीक्षण किया। ऑन्कोलॉजी विभाग, एनाटॉमी विभाग और ओपीडी की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एम्स परिसर स्थित तालाब के जीर्णोद्धार का भी निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन और आकर्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा एम्स, पटना के विकास से जुड़े सभी कार्यों में सक्रिय सहयोग दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग और एम्स के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
