
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटी की शादी की खुशियां उस समय हिंसा में बदल गईं, जब दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला, महिलाओं से बदसलूकी, लूटपाट और तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
खगड़िया के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में 3 जुलाई की रात बेटी की शादी के दौरान हुए विवाद ने पूरे गांव में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। शादी समारोह के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
पहले पक्ष की सावित्री देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री की शादी के दौरान जब ग्रामीण भोज कर रहे थे, तभी 11 नामजद लोग गलत नीयत से घर में घुस आए और दुल्हन से छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर फुलेन सादा, मीरा देवी और भारत सादा के साथ लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और देशी कट्टे से मारपीट की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने शादी का सामान बिखेर दिया, दुल्हन की विदाई रोकने की कोशिश की, मोबाइल और सोने की बाली लूट ली तथा जान से मारने की धमकी दी। कुछ आरोपियों पर अवैध रूप से शराब और गांजा बेचने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष की सुनीता देवी ने अपने आवेदन में बताया कि 1 जुलाई को मोबाइल को लेकर विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि 3 जुलाई की रात करीब एक बजे एक व्यक्ति घर में घुसकर उनकी पुत्री से बदसलूकी करने का प्रयास कर रहा था। शोर मचाने पर वह भाग निकला। इसके बाद 10 नामजद लोग हथियार लेकर घर में घुस आए और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने डीजे मशीन, एम्प्लीफायर और मिक्सर समेत करीब दो लाख रुपये का सामान लूट लिया तथा घर में तोड़फोड़ भी की।
बेलदौर थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट सुदर्शन कुमार
