पटना शहर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में गुरुवार को एक अहम कदम उठाया गया। मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के शुरू होने के साथ अब पूर्वी पटना के लाखों लोगों को तेज, सुविधाजनक और जाम से राहत दिलाने वाला नया सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिल गया है। लंबे समय से इस इलाके के लोग बेहतर कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे, जिसे देखते हुए प्रायोरिटी कॉरिडोर के इस नए स्टेशन को यात्रियों के लिए खोल दिया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी स्टेशन का उद्घाटन करने के बाद स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो यात्रा कर नई सुविधा का अनुभव भी किया। इस दौरान उन्होंने पटना मेट्रो का प्री-पेड स्मार्ट कार्ड भी लॉन्च किया, जिससे यात्रियों को हर बार टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और डिजिटल माध्यम से आसानी से यात्रा की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था समय की जरूरत है। उनका कहना था कि मेट्रो सेवा का विस्तार होने से सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, लोगों का यात्रा समय बचेगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि शहर के अधिक से अधिक हिस्सों को मेट्रो सेवा से जोड़ा जा सके।
सरकार का मानना है कि मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से सिर्फ आवागमन आसान नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। खासकर पूर्वी पटना के लोगों के लिए यह स्टेशन रोजमर्रा की यात्रा को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा पटना मेट्रो रेल निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी इस अवसर के साक्षी बने। सरकार का कहना है कि राजधानी में आधुनिक और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है और पटना मेट्रो परियोजना उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट