दानापुर: रूपसपुर थाना क्षेत्र के चुल्हाईचक महावीर टोला में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद देर रात पहुंची पुलिस ने किराये के मकान से युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान मनेर के पीर बाबा के समीप रहने वाले अरविंद कुमार शर्मा के पुत्र आरव कुमार शर्मा (21) के रूप में हुई है। आरव चुल्हाईचक स्थित जय शक्ति नगर फेज-5 के पास प्रमोद कुमार के मकान में किराये पर रहता था।
पुलिस के अनुसार, युवक का शव कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला था। हालांकि शव को नीचे उतार दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट