खगड़िया/बेलदौर: पीएम श्री योजना के तहत स्कूलों के विलय को लेकर बेलदौर नगर पंचायत में अभिभावकों ने नई मांग उठाई है। आदर्श मध्य विद्यालय बेलदौर के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर स्कूल मर्जर के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
अभिभावकों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में बच्चों के हित को देखते हुए आदर्श मध्य विद्यालय बेलदौर की जगह कन्या मध्य विद्यालय बेलदौर को गांधी इंटर विद्यालय में मर्ज किया जाना ज्यादा उचित होगा। उन्होंने आवेदन में बताया कि कन्या मध्य विद्यालय में छात्र-छात्राओं की संख्या काफी अधिक है, लेकिन स्कूल में उपलब्ध संसाधन बच्चों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं।

आवेदन के अनुसार कन्या मध्य विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक करीब 732 बच्चे नामांकित हैं, जबकि रोजाना 500 से अधिक छात्र-छात्राएं विद्यालय पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या के बावजूद स्कूल में पर्याप्त कमरे, खेल मैदान और कार्यालय की सुविधा का अभाव है। वहीं नए भवन निर्माण के लिए जमीन की समस्या भी बनी हुई है।
अभिभावकों ने बताया कि इसके विपरीत आदर्श मध्य विद्यालय बेलदौर में पढ़ाई के लिए पर्याप्त कमरे, मैदान और कार्यालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को देखते हुए मर्जर का फैसला सुविधाओं और सुरक्षा के आधार पर लिया जाना चाहिए।

उन्होंने सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि अगर कन्या मध्य विद्यालय के बच्चों को गांधी इंटर विद्यालय भेजा जाता है तो उन्हें व्यस्त सड़क पार करनी पड़ेगी, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहेगा।
अभिभावकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पीएम श्री योजना के तहत स्कूल मर्जर की प्रक्रिया पर दोबारा विचार करते हुए कन्या मध्य विद्यालय बेलदौर को गांधी इंटर विद्यालय में विलय किया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।
आवेदन देने वालों में निक्की ठाकुर, संजय कुमार शर्मा, राजकमल कुमार, सुदर्शन कुमार, पंकज कुमार, रंजीत गुप्ता समेत दर्जनों अभिभावक शामिल थे।

ब्यूरो रिपोर्ट सुदर्शन कुमार