
फुलवारी शरीफ: परसा बाजार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जेल में बंद बेटे से मिलने जा रही महिला पर उसके ही पति ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी पति ने पत्नी को सुनसान जगह ले जाकर वारदात को अंजाम दिया और गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे मृत समझकर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। घायल महिला का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी पति की तलाश में छापेमारी कर रही है।
घायल महिला की पहचान सावित्री देवी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सावित्री देवी अपने बेटे से मिलने के लिए बेउर जेल जा रही थीं। उनका बेटा किसी मामले में जेल में बंद है। मंगलवार को वह अपने पति रंजीत पासवान के साथ ऑटो से जेल जाने के लिए निकली थीं।
इसी दौरान परसा बाजार थाना क्षेत्र के कंकट्टी चक रोड के पास पति ने ऑटो रुकवाया और पत्नी को किसी बहाने सुनसान स्थान पर ले गया। वहां अचानक उसने चाकू निकालकर महिला पर हमला कर दिया। पेट और शरीर के कई हिस्सों में वार लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई।
घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खून से सनी हालत में महिला को देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची परसा बाजार थाना पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया।
सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पति द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। महिला की स्थिति गंभीर होने के कारण अभी उसका बयान दर्ज नहीं हो पाया है। उसके बयान के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि आरोपी पति रंजीत पासवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
