
पटना। संपतचक नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने शनिवार को वार्ड संख्या 26 के चकबैरिया समेत आसपास के इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं का निरीक्षण करने के साथ ही स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
दौरे के दौरान अमित कुमार ने डीपीएस वर्ल्ड स्कूल के समीप बन रहे आरसीसी नाला निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि विकास योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहें, इसके लिए लगातार स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जलनिकासी, सड़क, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर परिषद की प्राथमिकता है।
इसके बाद अमित कुमार चकबैरिया गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उन्हें जलजमाव, सड़क और सफाई से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को समझने के लिए क्षेत्र में लगातार भ्रमण किया जा रहा है और जो भी समस्याएं सामने आ रही हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा।
मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय बंटू, पार्षद प्रतिनिधि शाहिद समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
