पटना। बिहार में गतका खेल को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 21 से 23 जून 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय Technical Officials/Referee Camp के लिए बिहार के छह तकनीकी अधिकारियों का चयन किया गया है। चयनित अधिकारी इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेकर गतका खेल के नवीनतम नियमों, निर्णय प्रक्रिया और प्रतियोगिता संचालन की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
गतका एसोसिएशन ऑफ बिहार के अनुसार, यह कैंप आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं, जिसमें स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI), खेलो इंडिया, इंटर यूनिवर्सिटी और अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं शामिल हैं, के लिए काफी महत्वपूर्ण है। शिविर में देशभर से चयनित रेफरी और तकनीकी अधिकारी हिस्सा लेंगे, जिन्हें खेल के नए नियमों और संशोधनों से अवगत कराया जाएगा।
बिहार से चयनित तकनीकी अधिकारियों में पटना के संजीव कुमार, प्रमोद कुमार और अजय कुमार, वैशाली के सुजीत गुप्ता, भागलपुर के आशीष कुमार तथा गया के नितीश कुमार शामिल हैं।
गतका एसोसिएशन ऑफ बिहार के जनरल सेक्रेटरी भोला कुमार थापा ने सभी चयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से राज्य में गतका खेल के संचालन और तकनीकी गुणवत्ता को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित रेफरी और तकनीकी अधिकारी आने वाले समय में बिहार में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं को बेहतर तरीके से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
वहीं, गतका एसोसिएशन ऑफ बिहार के प्रेसिडेंट ने भी चयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों के साथ-साथ तकनीकी अधिकारियों का भी राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ना राज्य के लिए गर्व की बात है।
सभी चयनित अधिकारी श्रीनगर में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना हो गए हैं। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि इस प्रशिक्षण के बाद बिहार में गतका खेल का तकनीकी ढांचा और मजबूत होगा तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य की भागीदारी और प्रभावी बनेगी।

ब्यूरो रिपोर्ट