
धमदाहा। लेसी सिंह ने सोमवार को पूर्णिया जिले के धमदाहा में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की शुरुआत कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इस दौरान प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नए मॉडल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, वहीं अनुमंडलीय अस्पताल में लंबे समय से प्रतीक्षित अल्ट्रासाउंड सेवा का भी शुभारंभ हुआ।
एक ही दिन में स्वास्थ्य, प्रशासनिक व्यवस्था और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत होने से पूरे अनुमंडल में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से अब मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने धमदाहा क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण नाला निर्माण योजनाओं का भी शिलान्यास किया। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन योजनाओं के पूरा होने से जलजमाव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
इस मौके पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच लाभों का वितरण भी किया गया। 57 लोगों को राशन कार्ड, 25 किसानों को हेल्थ सॉयल कार्ड, पांच लाभुकों को आवास योजना तथा पांच लोगों को लोहिया स्वच्छ बिहार योजना का लाभ प्रदान किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि धमदाहा का विकास उनकी प्राथमिकता और संकल्प है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास और सुशासन की जो मजबूत नींव रखी गई, उसे वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में और गति मिल रही है।

उन्होंने कहा कि धमदाहा की जनता का भरोसा और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, प्रशासनिक भवन और आधारभूत संरचनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है तथा आने वाले दिनों में भी कई नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।
कार्यक्रम में जदयू के वरिष्ठ नेता आशीष कुमार बब्बू, नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रानी देवी, उपमुख्य पार्षद मीना देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय सिंह, संजय पोद्दार, रामदेव मेहता, जदयू प्रखंड अध्यक्ष जीतू मुखिया, नगर अध्यक्ष सूरज सिंह, जदयू नेता शम्भू जायसवाल, मो. सजाऊल समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार
