पटना। नौबतपुर में शुक्रवार को राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) की संगठनात्मक बैठक सह प्रखंड अध्यक्ष चुनाव का आयोजन किया गया। चुनाव प्रक्रिया प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी विकास कुमार पाण्डेय की देखरेख में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश एवं प्रदेश नेतृत्व के पत्र के आलोक में विभिन्न प्रखंडों में संगठन विस्तार को लेकर चुनाव कराया गया।
चुनाव में बिहटा प्रखंड से चंदन कुमार, बिहटा नगर परिषद से राकेश राम, फुलवारी शरीफ से मुकेश राम, नौबतपुर से नीरज कुमार, धनरूआ से शशि कुमार तथा दानापुर से प्रमोद कुमार को सर्वसम्मति से प्रखंड अध्यक्ष चुना गया। सभी नव निर्वाचित अध्यक्षों को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता सिम्मी कुमारी, मदन चौधरी, वसंत चौधरी, अशोक राम, राघवेन्द्र सुधनेन्द्र कुशवाहा एवं सुशील कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी विकास कुमार पाण्डेय ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से चुनाव कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी नव निर्वाचित अध्यक्ष पार्टी को मजबूती देने का कार्य करेंगे।

ब्यूरो रिपोर्ट