पटना। खगौल थाना क्षेत्र के जयराम बाजार घिरनी स्थित साहिबा ज्वेलर्स में बुधवार को ग्राहक बनकर आई एक महिला द्वारा गहना चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार महिला दुकान में पहुंची और लॉकेट देखने के बहाने गहनों को देखने लगी। इसी दौरान दुकान में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर वह चुपके से गहना लेकर बाहर निकल गई। कुछ देर बाद दुकान कर्मियों को शक हुआ तो सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में महिला चोरी करते स्पष्ट दिखाई दी।
इसके बाद दुकान के स्टॉफ रवि प्रकाश ने महिला का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। सूचना मिलने पर खगौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाना लाई।
पुलिस पूछताछ में महिला की पहचान सोनी देवी के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नैनचक में रह रही है, जबकि मूल रूप से नालंदा जिले के नूरसराय की निवासी बताई जाती है। पुलिस के अनुसार महिला महेंद्र पासवान की पत्नी है। मामले को लेकर रवि प्रकाश ने थाना में लिखित आवेदन दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट