राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में पुलिस और मद्यनिषेध टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक पिकअप वैन भी जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध टीम को सूचना मिली थी कि शेखपुरा स्थित खुशी मैरेज हॉल के पास खड़ी एक पिकअप वैन में अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप छिपाकर रखा गया है। इसके बाद रामकृष्णानगर थाना पुलिस और औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पिकअप वैन से 49 कार्टन में रखा 7480 बोतल प्रतिबंधित “विक्सी ऑफ” कफ सिरप बरामद किया गया। सभी बोतल 100 एमएल की थीं। पुलिस के अनुसार बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा करीब 784 लीटर है। तस्करों ने कफ सिरप को छिपाने के लिए ऊपर से स्नैक्स से भरे प्लास्टिक के बोरे रख दिए थे। पुलिस ने वाहन से पांच बोरा स्नैक्स भी बरामद किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मिंटू कुमार और विशाल कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों पटना जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
इस मामले में रामकृष्णानगर थाना में कांड संख्या 487/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

अजीत कुमार की रिपोर्ट