
दानापुर। बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर दानापुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई जनहित और विकास कार्यों का मुद्दा उठाया। मंत्री ने दानापुर क्षेत्र में बने पीपा पुल को डबल लेन ब्रिज में बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुल के चौड़ीकरण से स्थानीय लोगों, किसानों और व्यापारियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और यातायात भी सुरक्षित बनेगा।
इसके अलावा मंत्री ने दानापुर अनुमंडल की पुरानी पानापुर, मानस और कासिमचक पंचायत को प्रशासनिक और पुलिस सुविधा के लिए शाहपुर थाना से जोड़ने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री से किया। उनका कहना था कि इससे लोगों को पुलिस और प्रशासनिक सेवाएं जल्दी मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने मंत्री की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनहित के मुद्दों को लगातार सरकार के समक्ष उठाया जाता रहेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट
