पटना, 19 मई। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में आयोजित की गई, जिसमें सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि फरवरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक में कई निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि सीमा संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संदिग्ध गतिविधियों, नशीले पदार्थों की तस्करी, नकली नोट और अवैध कारोबार पर पूरी सतर्कता बरती जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सीमा पर आधुनिक तकनीक के माध्यम से निगरानी बढ़ाई जाए और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सीमा पर होने वाले अनैतिक और गैरकानूनी कार्यों पर पूरी सख्ती बरती जाए।
बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, पुलिस महानिदेशक (ऑपरेशन) कुंदन कृष्णन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

ब्यूरो रिपोर्ट