बिहटा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ-साथ शिक्षक हितों और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों पर गंभीर मंथन का मंच बना ग्लोबल आइकन अवार्ड 2026 समारोह। शनिवार को बिहटा के नया रोड स्थित डॉ. अशोक गगन कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में दानापुर और पालीगंज अनुमंडल के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षिकाएं और शिक्षाविद बड़ी संख्या में शामिल हुए।
एकेडमी ऑफ ग्लोबल अचीवर्स के सौजन्य से आयोजित समारोह का उद्घाटन संस्था की चेयरपर्सन एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की एमएलसी प्रत्याशी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दिव्य ज्योति, चाणक्य फाउंडेशन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संरक्षक डॉ. अशोक गगन तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में डॉ. दिव्य ज्योति ने कहा कि शिक्षक केवल सम्मान का नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की लड़ाई भी लड़ रहा है। उन्होंने समान कार्य के लिए समान वेतन, सेवा सुरक्षा, पारदर्शी प्रोन्नति व्यवस्था और सम्मानजनक कार्य वातावरण की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही वर्तमान शिक्षक राजनीति और शिक्षक प्रतिनिधित्व की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब समय परिणाम आधारित नेतृत्व का है। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल पद बचाना नहीं, बल्कि शिक्षक समाज का भविष्य सुरक्षित करना होना चाहिए।
वहीं डॉ. अशोक गगन ने कहा कि शिक्षक समाज को संघर्षशील, ईमानदार और जवाबदेह नेतृत्व की आवश्यकता है, जो उनकी आवाज को प्रभावी ढंग से विधान परिषद तक पहुंचा सके।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं प्राचार्यों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संचालन साहित्यकार हेमंत कुमार और प्रो. गुड़िया झा ने किया। समारोह में सैकड़ों शिक्षक, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट निशांत कुमार