
बिहटा। भारतीय ग्रामीण संस्कृति की झलक उस समय देखने को मिली, जब राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का जोरदार स्वागत किया। राघोपुर स्थित देश बंधु होटल के समीप आयोजित स्वागत समारोह में सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।
रालोमो की प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य सिम्मी कुमारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मंत्री का अभिनंदन किया। कुमकुम, चंदन और फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसके बाद देश बंधु होटल के सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री दीपक प्रकाश ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं और उनकी सक्रियता से ही सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच सकता है।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और संगठनात्मक मुद्दों को भी मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने तथा विकास कार्यों की जानकारी घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रालोमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
ब्यूरो रिपोर्ट निशांत कुमार
