मनेर। संयुक्त अरब अमिरात (यूएई) क्रिकेट टीम से खेलने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सोहैब खान शुक्रवार की देर शाम अपने परिवार के सदस्यों के साथ मनेर पहुंचे। उनके आगमन की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मनेर पहुंचने के बाद सोहैब खान ने विश्व प्रसिद्ध मनेर शरीफ दरगाह पहुंचकर दुआ की। हालांकि देर शाम होने के कारण दरगाह का मुख्य द्वार बंद हो चुका था, जिसके चलते उन्होंने बाहर से ही दरगाह का दीदार किया।

इसके बाद वे अपने रिश्तेदार एवं पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष फरीद हुसैन खान उर्फ गुड्डू खान के आवास पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। सोहैब खान के आगमन से चार हजार मोहल्ले के बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने उनसे मुलाकात कर ऑटोग्राफ लिए और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

इस अवसर पर सोहैब खान ने कहा कि अगले दौरे में वे मखदूम साहब की मजार और खानकाह पर हाजिरी अवश्य लगाएंगे। उनके कॉलेज मित्र जुनैद खान ने बताया कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पढ़ाई के दौरान सोहैब और उनके भाई अल्तमश खान ने क्रिकेट की शुरुआत की थी। वहीं से उनकी मित्रता हुई थी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के बावजूद सोहैब का अपने मित्रों और रिश्तेदारों के घर आना बेहद खुशी की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में यदि बिहार की आईपीएल टीम बनती है तो सोहैब उसका प्रतिनिधित्व करें।

गया जिले के मूल निवासी सोहैब खान एक दिवसीय दौरे पर राजधानी पटना आए थे, इसी क्रम में वे मनेर भी पहुंचे। इस मौके पर उनके पिता अदीब खान, भाई अल्तमश खान, मामा गजाला खान, अधिवक्ता सबीहा फरीद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट