
फुलवारी शरीफ। बरसात के मौसम से पहले कुरथौल–दरियापुर पईन की उड़ाही और आरसीसी नाला निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। वर्षों से लंबित मांगों को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने जनाक्रोश मार्च निकालने के बाद एनएच-83 को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बारिश शुरू होने से पहले काम शुरू नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।
समाजसेवी भाई दिलीप पटेल और शिव जी यादव के नेतृत्व में निकले जनाक्रोश मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जुलूस कुरथौल से सिपारा और दरियापुर होते हुए कुरथौल बाजार पहुंचा, जहां लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर आमसभा आयोजित की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले एक दशक से पईन की सफाई और नाला निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि पईन की उड़ाही नहीं होने से जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। हर वर्ष बरसात में सड़क और आसपास के इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन जाती है, जिससे हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। कुरथौल–दरियापुर मार्ग भी बदहाल हो चुका है और आवागमन मुश्किल हो गया है।
आंदोलनकारियों ने यह भी कहा कि जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा 9 मई को लघु जल संसाधन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ी है।
आमसभा में बसंत कुमार सिन्हा, बैजनाथ गुप्ता, रमेश कुमार दास, दिनेश प्रसाद, रामफल शर्मा, संजय यादव, सुजीत ठाकुर, रामचंद्र, भोला राम, हरेंद्र राम, रंजीत सिंह, लिली देवी, मुकेश स्वर्णकार, शंकर पासवान, कमल प्रसाद, गोपाल प्रसाद और पिंटू कुमार समेत कई लोगों ने अपनी बात रखी। बाद में फुलवारी शरीफ के अंचलाधिकारी द्वारा पईन की उड़ाही के लिए पहल करने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
