
दानापुर: दानापुर शहरी क्षेत्र में नाला निर्माण, जलजमाव, डीपीएस निर्माण और अतिक्रमण की समस्या को लेकर 20 मई को अनुमंडल कार्यालय में समीक्षा बैठक होगी। बैठक सुबह 11 बजे अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में आयोजित की जाएगी। इसमें बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव भी मौजूद रहेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी दानापुर की ओर से नगर परिषद, पथ निर्माण विभाग, सोन नहर प्रमंडल, बाढ़ सुरक्षा विभाग, मेट्रो रेल परियोजना और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया गया है। सभी अधिकारियों से अपने-अपने विभाग से जुड़े मामलों की रिपोर्ट और एजेंडा तैयार कर बैठक में उपस्थित रहने को कहा गया है।
बैठक में दानापुर और खगौल क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव, नालों की सफाई, निर्माण कार्यों की स्थिति और अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। अनुमंडल कार्यालय की ओर से बैठक की तैयारी को लेकर भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट
