धमदाहा। प्रखंड के मोगलिया पुरंदाहा पूर्व पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में सोमवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
शिविर में राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र, आवास योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को जरूरी कागजात उपलब्ध कराए गए। लोगों ने अपनी समस्याओं और योजनाओं से संबंधित आवेदन भी जमा किए।

शिविर का निरीक्षण करने पूर्णिया के प्रभारी सचिव बी. कार्तिकेय धनजी पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग काउंटरों का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
प्रभारी सचिव ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तय समय पर काम नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रखंड प्रशासन के अनुसार शिविर में कुल 311 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 211 आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों की प्रक्रिया जारी है।
मौके पर अनुपम, संदीप गोल्डी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सह कार्यपालक दंडाधिकारी, जिला सहायक आपूर्ति पदाधिकारी रवींद्रनाथ, बीडीओ प्रकाश कुमार, सीओ कुमार रवींद्रनाथ, अनुमंडल अस्पताल प्रभारी डॉ. नेहा भारती समेत कई अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार