दानापुर नगर परिषद कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिए गए जरूरी निर्देश
शुक्रवार को जनगणना कार्यों की प्रगति और तैयारियों को लेकर अनुमंडलाधिकारी अनिरुद्ध पांडेय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में हुई इस बैठक में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के साथ विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार, नगर प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अनुमंडलाधिकारी ने अब तक हुए जनगणना कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना के प्रथम चरण का कार्य आगामी 20 मई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीओ अनिरुद्ध पांडेय ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि घर-घर जाकर सही एवं अद्यतन जानकारी एकत्रित करें ताकि आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कार्य में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उन कर्मियों पर भी चर्चा हुई जो अब तक कार्यों में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं। इस पर एसडीओ ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अथवा कार्य नहीं करने वाले कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक के अंत में जनगणना कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ब्यूरो रिपोर्ट