पटना: पटना-गया फोरलेन पर पुनपुन थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। श्री बजरंगबली कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के सामने सड़क कट के पास पिकअप और ऑटो की जोरदार टक्कर में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चे समेत कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो पटना से मसौढ़ी की ओर यात्रियों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान सड़क कट के पास सामने से तेज गति में आ रही पिकअप ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पिकअप सड़क पार कर दूसरी तरफ जाकर अटक गया।

हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतक चालक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।
ऑटो में सवार मसौढ़ी निवासी एक महिला और बच्चा समेत अन्य यात्री भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 और पुनपुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के बाद कुछ देर तक पटना-गया फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन पर तेज रफ्तार और सड़क कट के पास लापरवाही से वाहन चलाने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

ब्यूरो रिपोर्ट