
पटना, 15 मई।
सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रहे स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार की पत्नी और परिजनों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान परिवार ने आर्थिक स्थिति, बच्चों के पालन-पोषण और अन्य समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार की पत्नी शालू कुमारी को सरकारी नौकरी दी जाएगी, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले राज्य सरकार की ओर से मृतक अधिकारी के आश्रितों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा चुकी है।
गौरतलब है कि 28 अप्रैल को सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ था।
ब्यूरो रिपोर्ट
