
पटना के बिहटा स्थित केंद्रीय विद्यालय आईआईटी पटना ने सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना संभाग के 53 केंद्रीय विद्यालयों में पहला स्थान हासिल किया है। विद्यालय ने 77.64 परफॉर्मेंस इंडेक्स के साथ शत-प्रतिशत रिजल्ट दर्ज कर लगातार दूसरी बार यह उपलब्धि अपने नाम की है।
विद्यालय के कुल 35 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और सभी छात्र सफल रहे। इनमें 20 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 31 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार विद्यालय का प्रदर्शन और बेहतर रहा।
विद्यालय के छात्र अतुल्य झा ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कुल 494 अंक लाकर नया रिकॉर्ड बनाया। वहीं उज्ज्वल झा दूसरे और सुमंत त्रिपाठी तीसरे स्थान पर रहे। विद्यालय के छात्रों ने इस बार 98 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर शैक्षणिक स्तर में लगातार सुधार का संकेत दिया है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जय कुमार झा ने इस सफलता पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और लगातार मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी बेहतर शैक्षणिक माहौल और उत्कृष्ट परिणाम के लिए प्रयास जारी रखेगा।
प्राचार्य ने बताया कि दूसरे चरण की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन और तैयारी कराई जाएगी, ताकि विद्यालय आने वाले समय में भी अपनी श्रेष्ठ स्थिति बनाए रख सके।
विद्यालय प्रशासन ने इस सफलता के लिए आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह, डीन प्रो. ए. के. ठाकुर तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन पटना संभाग के अधिकारियों के सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार जताया।
ब्यूरो रिपोर्ट
