पटना। खगौल थाना क्षेत्र के खगौल लख पर बुधवार देर रात करीब साढ़े दस बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में एम्स के दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार दानापुर स्थित एक कैफे से लौट रहे एम्स के फाइनल ईयर के छात्र शिवम कुमार और छात्रा अनिष्का कुमारी स्कूटी से एम्स जा रहे थे। इसी दौरान खगौल लख के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को रौंद दिया।
हादसे में अनिष्का कुमारी का दाहिना पैर और एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि शिवम कुमार को भी चोटें आई हैं। दोनों छात्र उत्तराखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर खगौल थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए तुरंत एम्स में भर्ती कराया।
खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। खगौल लख पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और ट्रक का नंबर पता करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ब्यूरो रिपोर्ट