
पटना पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष सघन वाहन जांच अभियान के तहत बेऊर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन, सात हजार रुपये नकद और एक ऑटो बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 और 12 मई की रात बेऊर थाना क्षेत्र के बासटाल सिपारा के पास पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो संख्या BR01PL 0282 को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस को देखकर ऑटो में सवार युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से सभी को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन और सात हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने ऑटो को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चौक थाना क्षेत्र के मंगल तालाब निवासी रौशन कुमार, मालसलामी थाना क्षेत्र के इमली मुरारपुर निवासी कारू कुमार, छोटी नगला निवासी सुजीत कुमार और नवाबगंज निवासी मोनु कुमार के रूप में हुई है।
फुलवारीशरीफ-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि इस मामले में बेऊर थाना कांड संख्या 281/26 दर्ज किया गया है। आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच की जा रही है।
छापेमारी दल में बेऊर थाना के थानाध्यक्ष अफसर हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक जयप्रकाश राय तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
