पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 में दर्ज लूट कांड के एक फरार आरोपी को पुलिस ने छह साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद उर्फ नंदू उर्फ मामू के रूप में हुई है। वह धनरूआ थाना क्षेत्र के काशीचक गांव निवासी विजेंद्र यादव का पुत्र बताया जाता है। पुलिस के अनुसार आरोपी गौरीचक थाना कांड संख्या 492/19, दिनांक 31 दिसंबर 2019 में दर्ज लूट मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 394 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की गई, लेकिन वह हर बार पुलिस की पकड़ से बच निकलता था। हाल के दिनों में उसके इलाके में सक्रिय होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। फरारी के दौरान वह किन लोगों के संपर्क में था और किसी अन्य वारदात में उसकी भूमिका रही है या नहीं, इस बिंदु पर भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार