पटना। गौरीचक थाना क्षेत्र के कंसारी गांव स्थित दरधा नदी में चल रहे अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर जब्त किये हैं। मामले में एक जेसीबी मशीन को भी चिन्हित कर उसके चालक व मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
जानकारी के अनुसार, दरधा नदी घाट से लंबे समय से अवैध बालू उठाव की शिकायत मिल रही थी। इसी के आधार पर गौरीचक थाना पुलिस और खनन विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे तीन ट्रैक्टर पकड़े गये, जबकि कई चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गये।
गौरीचक थानाध्यक्ष ने बताया कि एक जेसीबी बैकहो लोडर मशीन के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि रात के समय नदी से लगातार अवैध बालू निकासी की जा रही थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार चल रहा था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन और खनन विभाग से कई बार की थी। लोगों का कहना है कि कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन पूरी तरह नहीं रुक पाया था।
पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार