दानापुर। मॉनसून की दस्तक से पहले दानापुर प्रशासन जलजमाव की समस्या को लेकर सक्रिय हो गया है। शहर के विभिन्न इलाकों में अधूरे पड़े नाला निर्माण कार्य और जगह-जगह टूटे जुड़ाव को लेकर सोमवार को अनुमंडलाधिकारी अनिरुद्ध पांडेय ने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों को तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
एसडीओ ने कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार, आरसीडी के सहायक अभियंता स्वयंप्रकाश, बुडको के अधिकारियों और नगर प्रबंधक अमरेन्द्र कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ नेहरू पथ, आरकेपुरम, बालाजी नगर, प्रगति नगर और मुबारकपुर समेत कई क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान कई जगहों पर नालों का निर्माण अधूरा मिला, जबकि कुछ स्थानों पर नालों का आपसी जुड़ाव सही तरीके से नहीं किया गया था। इससे स्थानीय लोगों को जलनिकासी में परेशानी हो रही है।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मॉनसून से पहले सभी अधूरे कार्य हर हाल में पूरे होने चाहिए। उन्होंने बुडको और संबंधित एजेंसियों को 30 मई तक नाला निर्माण और जुड़ाव का काम समाप्त करने का निर्देश दिया, ताकि बारिश के समय लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना न करना पड़े।
कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि शहर के जिन इलाकों में नाला निर्माण कार्य अधूरा है, वहां तेजी से काम कराया जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि बारिश शुरू होने से पहले जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाए।

ब्यूरो रिपोर्ट