पटना।
खगौल थाना क्षेत्र में ऑटो से सफर के दौरान ट्रॉली बैग का लॉक तोड़कर लाखों रुपये के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र स्थित कुल्हड़िया गांव निवासी कुनाल कुमार ने मामले की लिखित शिकायत खगौल थाना में दी है।
आवेदन में कुनाल कुमार ने बताया कि 8 मई को वह अपनी पत्नी, दो बच्चियों और भाई के साथ शादी समारोह में शामिल होने सीतामढ़ी जा रहे थे। सभी लोग कोइलवर से ट्रेन पकड़कर दानापुर पहुंचे। वहां से पाटलिपुत्र जंक्शन जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए। ऑटो में पहले से दो युवक बैठे थे। चालक ने उनके दोनों ट्रॉली बैग पीछे की ओर रख दिए, जबकि आगे की सीट पर चालक और उनका भाई बैठा था। बीच वाली सीट पर वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बैठे थे।
पीड़ित के अनुसार, रास्ते में कुछ दूर जाने के बाद चालक ने दो अन्य लोगों को भी ऑटो में बैठा लिया। पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचने के बाद पीछे बैठे एक व्यक्ति, जिसने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, उसने किराया लिया। किराया देने के बाद परिवार स्टेशन की ओर बढ़ा। इसी दौरान कुनाल कुमार की नजर ट्रॉली बैग के टूटे लॉक पर पड़ी। बैग की जांच करने पर अंदर रखा सामान अस्त-व्यस्त मिला और सोने के जेवर गायब थे।
चोरी हुए जेवरों में सोने का हार, चेन, अंगूठियां, झुमका, मांग टीका और नथिया शामिल है। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए गहनों का वजन करीब 60 ग्राम से अधिक बताया जा रहा है। घटना का पता चलते ही परिवार ने ऑटो की तलाश शुरू की, लेकिन चालक मौके से फरार हो चुका था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट