फुलवारी शरीफ। तक्षशिला कॉलेज ऑफ एजुकेशन, हिन्दुनी, फुलवारी शरीफ के बीएड दोनों सत्र के प्रशिक्षुओं ने बैरिया रोड स्थित समर्पण स्पेशल स्कूल का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा, उनके व्यवहार और मनोवैज्ञानिक पहलुओं को समझना था।
इस दौरान छात्र-शिक्षकों ने स्कूल के शिक्षकों और विशेषज्ञों के साथ इंटरैक्टिव सत्र में भाग लिया। उन्हें दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने की अलग-अलग शिक्षण विधियों, थेरेपी और समावेशी शिक्षा के मॉडल के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं ने इन व्यवस्थाओं को करीब से देखा और समझा।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सविता सिन्हा ने कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण भावी शिक्षकों को समावेशी कक्षा संचालन के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि एक अच्छे शिक्षक के लिए किताबों के ज्ञान के साथ संवेदनशीलता और व्यवहारिक समझ भी जरूरी है।
कॉलेज के डायरेक्टर इकबाल अहसन ने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान ऐसे भ्रमण काफी महत्वपूर्ण होते हैं। इससे छात्र-शिक्षकों को विशेष बच्चों की जरूरतों को समझने और उनके अनुसार शिक्षण कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है।
भ्रमण के दौरान समर्पण स्पेशल स्कूल प्रबंधन ने प्रशिक्षुओं को विशेष बच्चों के साथ संवाद करने और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का मौका दिया। छात्र-शिक्षकों ने बच्चों के साथ खेल, कला और संगीत गतिविधियों में हिस्सा लिया और उनके साथ आत्मीय जुड़ाव बनाया।
इस अवसर पर कॉलेज के फैकल्टी मेंबर्स और समर्पण स्पेशल स्कूल के स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार