
पटना। जानीपुर थाना क्षेत्र के बग्गा टोला के पास नेशनल हाईवे-139 पर शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले एक बाइक सवार युवक से टकरा गई, इसके बाद आगे जाकर एक ट्रक से भिड़ गई। हादसे में कार सवार दो लोग समेत तीन लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खराब मौसम और तेज बारिश के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। इसके बाद कार आगे बढ़ते हुए ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कार चालक, कार में बैठे एक बुजुर्ग व्यक्ति और बाइक सवार युवक घायल हो गए। बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार कार सवार लोग जगदेव पथ इलाके के रहने वाले हैं, जबकि घायल बाइक सवार युवक मंगूपुर के पास के गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
