फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के शाहपुर ढिबरा गांव में शुक्रवार को आंधी-बारिश के दौरान करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रीता देवी (40 वर्ष), पति स्वर्गीय बलदेव माझी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार गांव के एक व्यक्ति ने अपने मकई के खेत की सुरक्षा के लिए बिजली प्रवाहित तार लगाया था। तेज बारिश और आंधी के दौरान खेत के आसपास करंट फैल गया। इसी दौरान रीता देवी की बकरी खेत में चली गई। बकरी निकालने के लिए जब वह खेत में पहुंचीं तो करंट की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। बाद में परसा बाजार थाना पुलिस भी पहुंची, लेकिन जांच में घटनास्थल फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र का निकला। इसके बाद फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष मोहम्मद शाहबाज आलम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार