
फुलवारीशरीफ। फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के नगर परिषद फुलवारीशरीफ के वार्ड संख्या-11 और 12 में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत करीब 1.27 करोड़ रुपये की लागत से पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य का शुक्रवार को शिलान्यास किया गया। विधायक श्याम रजक ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद चेयरमैन आफताब आलम ने की।

जानकारी के अनुसार वार्ड-11 में साकेत बिहार मोड़ से ज्ञान ज्योति स्कूल होते हुए शिवनारायण चौक से रामसेवक शर्मा के मकान तक लगभग 61 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क बनाई जाएगी। वहीं वार्ड-12 में पेठिया बाजार स्थित ईश्वरी सिंह के गोदाम से रानीपुर पुल तक 66 लाख रुपये की लागत से सड़क और आरसीसी नाला निर्माण कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक श्याम रजक ने कहा कि बेहतर सड़कें क्षेत्र के विकास की पहचान होती हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान लोगों से सड़क और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने का जो वादा किया गया था, उसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खराब सड़क के कारण बाजार आने-जाने वाले लोगों, महिलाओं और नौकरीपेशा नागरिकों को परेशानी होती थी, जिससे जल्द राहत मिलेगी। साथ ही साकेत बिहार मोड़ पर हाईमास्ट लाइट लगाने और बिजली समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में मो. मिनहाज आलम, गुड्डु रजक, सुभाष नारायण, बद्री नारायण, पप्पू चांद, रामसेवक शर्मा, रमेश प्रसाद यादव सहित जदयू के कई नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
