धमदाहा अनुमंडलीय अस्पताल में गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कनोजिया के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान अस्पताल की व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं, जबकि 16 डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब मिले। देर से पहुंचने पर दो चिकित्सकों को भी अनुपस्थित दर्ज कर दिया गया।
सिविल सर्जन ने अस्पताल के प्रशासनिक कक्ष, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, शल्य कक्ष, दवा भंडारण कक्ष, पैथोलॉजी तथा यक्ष्मा जांच केंद्र समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और चिकित्सकों-कर्मियों की उपस्थिति की बारीकी से जांच की गई।

उपस्थिति पंजी की जांच में डॉ. मनोज कुमार, डॉ. तौसिफ अहमद, डॉ. रविरंजन कुमार रंजन, डॉ. अर्चना कुमारी, डॉ. शम्स तबरेज, डॉ. कंचन कुमारी, डॉ. मोनिका मिश्रा, डॉ. उषा वर्मा, डॉ. रक्ष कुमार सिंह, डॉ. रेणु भारती, डॉ. खुशी कुमारी, डॉ. गोपीनाथ भगत, ज्योति कुमारी, परसनजीत कुमार, सुमन कुमारी और रुदल कुमार अनुपस्थित पाए गए। वहीं डॉ. बसंत कुमार साहनी और डॉ. मोहतसिम अहमद को पांच मिनट देरी से पहुंचने पर गैरहाजिर दर्ज किया गया।
निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन ने मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को रोस्टर के अनुसार समय पर ड्यूटी करने और मरीजों के प्रति सेवा भाव रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने की सख्त हिदायत भी दी।
सिविल सर्जन ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुपस्थित पाए गए कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट