
पटना: जीरो माइल बस स्टैंड के समीप स्थित रुद्र गेस्ट हाउस में जहानाबाद जिले के शकुराबाद निवासी 30 वर्षीय संतोष कुमार शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के साथ ठहरी महिला मित्र चंचल कुमारी उर्फ रिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार अपनी महिला मित्र के साथ गेस्ट हाउस में ठहरा हुआ था। महिला ने बयान में बताया कि वह सो रही थी और उसे घटना की जानकारी नहीं हो सकी। जागने पर उसने संतोष को पंखे से चादर के सहारे फंदे से लटका पाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर बुलाया, जहां शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए महिला मित्र पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि घटना के पीछे साजिश हो सकती है। इधर, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।
घटनास्थल की जांच के दौरान एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। कमरे की तलाशी में कुछ संदिग्ध दवाएं भी मिलने की बात सामने आई है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है। हालांकि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के संघर्ष या चोट के निशान नहीं मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक पूर्व में भी इस गेस्ट हाउस में अलग-अलग महिला मित्रों के साथ ठहरता रहा था। इस बार भी वह पटना की रहने वाली, वर्तमान में कोलकाता में रह रही एक महिला के साथ यहां आया था।
पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। महिला आत्महत्या की बात कह रही है, जबकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। बरामद दवाओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
