पटना। फतुहा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक डॉ. रामानंद यादव की पुत्री के विवाह समारोह में गुरुवार को राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई बड़ी हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिला। समारोह में सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राजद सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
विवाह समारोह में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल हुए। फतुहा, पटना सिटी, संपतचक, गौरीचक, फुलवारी शरीफ, परसा, कृष्णा नगर, जगनपुरा समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं दानापुर, पाटलिपुत्र और पुराने पटना लोकसभा क्षेत्र से भी लोगों की भारी उपस्थिति रही।

समारोह में सामाजिक समरसता की झलक भी स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जहां अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता एक ही मंच पर नजर आए। विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोगों ने शामिल होकर वर-वधू को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पत्रकार, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इसी बीच समारोह में पहुंचे जगदीश यादव आकर्षण का केंद्र बने रहे। उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और काफी देर तक वे लोगों से घिरे रहे।
कुल मिलाकर यह विवाह समारोह पारिवारिक खुशियों के साथ-साथ राजनीतिक सौहार्द और सामाजिक एकता का भी अनूठा उदाहरण बनकर सामने आया, जहां मतभेदों से ऊपर उठकर सभी ने एकजुट होकर इस खास अवसर को साझा किया।

ब्यूरो रिपोर्ट