दानापुर। रूपसपुर थाना क्षेत्र के रुकनपुरा देवी स्थान के समीप बुधवार को आंधी के दौरान गिरी निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की दीवार से हुई दो लोगों की मौत के मामले में अब प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। गुरुवार को राजस्व पदाधिकारी अशोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट तैयार की, जिसके आधार पर पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि इस घटना को आपदा मानते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि तेज आंधी के कारण निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से यह हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। राजस्व पदाधिकारी की रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है, ताकि मृतकों के परिजनों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
साथ ही, भवन निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्माण में अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि इस हादसे में अनीता देवी और त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा की मौत हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर निर्माण कार्य से जुड़े लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में अब भी आक्रोश बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट