पटना के खगौल इलाके में जमीन के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। नवरत्नपुर स्थित रामजानकी मंदिर के पास एक रिटायर्ड सीआरपीएफ कर्मी और रियल एस्टेट कारोबारी इन्द्रदेव प्रसाद को गोली मार दी गई। इस मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के बाद घायल के बेटे राहुल कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पांच लोगों पर साजिश रचकर हमले का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, इन्द्रदेव प्रसाद ने एक जमीन सौदे में 18 लाख रुपये का भुगतान संबंधित लोगों तक पहुंचाया था। लेकिन बाद में आरोपियों ने न तो जमीन दी और न ही पैसे लौटाने को तैयार हुए। उल्टा, मांग करने पर धमकियां मिलने लगीं।
परिवार का कहना है कि इसी तनाव के बीच योजनाबद्ध तरीके से इन्द्रदेव प्रसाद को निशाना बनाया गया। घटना के वक्त वह अपने कार्यालय के पास मौजूद थे, तभी उन पर फायरिंग की गई।
खगौल थाना पुलिस के अनुसार, मामले में बबलू उर्फ आनंद नामक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसे आपसी लेन-देन से उपजा विवाद मान रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट