
बिहटा। अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहटा के नेउरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम नेउरी स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी कर 973 ग्राम गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने किराना दुकान की आड़ में गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिम के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (दानापुर-2) के नेतृत्व में थानाध्यक्ष नेउरा द्वारा छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान पर दबिश दी, जहां से गांजा बरामद हुआ। इस दौरान आरोपी विशुनदेव राय भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
थानाध्यक्ष जगदीप कुमार राणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ से जुड़े मामले दर्ज हैं। वहीं एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट
