पटना के खगौल थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश ने अचानक हालात बिगाड़ दिए। दानापुर-खगौल मुख्य मार्ग पर मुस्तफापुर के पास किया शोरूम के समीप लगा एक विशाल होर्डिंग तेज हवा की चपेट में आकर धड़ाम से सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय कोई वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
इसी दौरान दानापुर थाना क्षेत्र के छावनी इलाके में नौलखा मंदिर के पास मुख्य सड़क पर एक पेड़ गिर गया, जिससे दानापुर-मनेर मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। अचानक हुए इन दोनों घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में होर्डिंग उखड़कर सड़क पर आ गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। वहीं पेड़ गिरने से भी यातायात ठप हो गया और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही खगौल और दानापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद होर्डिंग और पेड़ को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे आवागमन बहाल हो सका। इस दौरान करीब दो घंटे तक लोगों को जाम और परेशानी झेलनी पड़ी।
इस घटना ने एक बार फिर आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और बड़े होर्डिंग्स की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे ढांचों और पेड़ों की नियमित जांच और उचित प्रबंधन की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

ब्यूरो रिपोर्ट