पटना। राजधानी के बेउर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईपास स्थित तेज प्रताप नगर में गुरुवार को ड्रग्स विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में अवैध नशीले पदार्थों के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन, प्रतिबंधित दवाइयां, स्मैक और अंग्रेजी शराब बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ड्रग्स विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि तेज प्रताप नगर स्थित एक मकान में अवैध रूप से नशीले पदार्थों और शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम बेउर थाना पहुंची, जिसके बाद पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से उक्त मकान पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसमें फुल, हाफ और 180 एमएल की कई बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा करीब 175 पीस प्रतिबंधित और नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए। मौके से 15 पुड़िया स्मैक भी बरामद हुई है। बरामद सामग्री को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि यहां लंबे समय से संगठित तरीके से नशे का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।
बेउर थाना अध्यक्ष अफसर हुसैन ने बताया कि पुलिस टीम के पहुंचते ही मकान में मौजूद लोग फरार हो गए, जिससे फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान किसका है और इसे किन लोगों ने किराए पर लेकर इस अवैध धंधे को अंजाम दिया।
पुलिस मकान के अन्य कमरों की भी गहन तलाशी ले रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, हालांकि स्थानीय लोग फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। थाना अध्यक्ष ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस को शक है कि इस अवैध कारोबार की कड़ियां शहर के अन्य इलाकों से भी जुड़ी हो सकती हैं।

अजीत कुमार की रिपोर्ट