
फुलवारी शरीफ। पटना जिले के फुलवारी शरीफ प्रखंड में प्रखंड प्रमुख ज्योति देवी के खिलाफ एक बार फिर अविश्वास प्रस्ताव लाने की कवायद तेज हो गई है। प्रखंड के कुल 20 पंचायत समिति सदस्यों में से 17 सदस्यों ने एकजुट होकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विजय कुमार मिश्रा को लिखित आवेदन सौंपते हुए प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है। इस घटनाक्रम के बाद प्रखंड की राजनीति गर्मा गई है और पंचायत समिति के अंदर सियासी हलचल तेज हो गई है।
आवेदन सौंपने वाले पंचायत समिति सदस्यों में मुकेश कुमार, रंजीत कुमार, राकेश सिंह, अनिल शर्मा, सफलता प्रकाश, आरजू, बेबी कुमारी, शांति कुमारी, अवधेश चौधरी, अभय पासवान, रामप्रवेश सिंह, अंजू देवी, रेखा देवी, शोभा देवी, शबनम परवीन, सिंध कुमार सहित कुल 17 सदस्य शामिल हैं। सभी सदस्यों ने प्रमुख ज्योति देवी पर पंचायत समिति की कार्यप्रणाली में अनियमितता बरतने और जनहित की योजनाओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है।
समिति सदस्यों का कहना है कि प्रमुख नियमित रूप से पंचायत समिति की बैठकें आयोजित नहीं करती हैं, जिससे विकास कार्यों की समीक्षा और योजनाओं पर निर्णय प्रभावित हो रहा है। सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि बैठकों की सूचना समय पर नहीं दी जाती, जिससे कई प्रतिनिधि निर्णय प्रक्रिया से बाहर रह जाते हैं। इसके अलावा विकास योजनाओं के लिए मिलने वाली राशि का क्षेत्रवार संतुलित और पारदर्शी वितरण नहीं होने से भी कई पंचायतों में असंतोष व्याप्त है।
सदस्यों का आरोप है कि प्रमुख की कार्यशैली के कारण पंचायत स्तर पर विकास कार्य बाधित हो रहे हैं और जनता की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है। इसी कारण बहुमत के आधार पर उन्हें पद से हटाने की मांग उठाई गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 15 जनवरी 2024 को प्रमुख ज्योति देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन उस समय मत विभाजन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी और मामला अधूरा रह गया था। अब एक बार फिर 17 सदस्यों के समर्थन से यह प्रस्ताव जोर पकड़ता दिख रहा है।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पंचायत समिति सदस्यों का आवेदन प्राप्त हो चुका है। आवेदन की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद विशेष बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाएगा।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
