फुलवारी शरीफ में डकैती गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुलिस ने फरार चल रहे गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर मामले में अहम कड़ी जोड़ दी है। यह कार्रवाई गिरोह के सरगना सोनू कुरेशी की निशानदेही पर की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बैजू के रूप में हुई है, जबकि गिरोह के चार अन्य सदस्य अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम थानाध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी सोनू कुरेशी किसी वारदात को अंजाम देने के लिए लग्जरी वाहन से निकलने वाला है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन कर इलाके में निगरानी तेज कर दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सोनू कुरेशी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के नाम उजागर किए, जिसके आधार पर बैजू को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट